कलेक्टर श्री कटेसरिया ने आबकारी विभाग को अवैध एवं नकली शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि नकली शराब के संबंध में सूचना दें। सूचना सही पाए जाने पर सूचना देने वाले व्यक्ति को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि विभाग अपनी आंख और कान खुले रखे तथा आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुने। शिकायतों की सुनवाई कर उनका समाधान करें और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दें। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतें नहीं सुनी जाएंगी तो वे परेशान और हतोत्साहित होंगे।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों को भी नकली शराब के संबंध में अपना सूचना तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नकली शराब का सेवन विशेष रूप से गरीब तबके में अधिक देखने को मिलता है, इसलिए नगरीय निकाय भी इस दिशा में विशेष निगरानी रखें। आबकारी विभाग को विशेष सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने वर्ष 2021 में नामली में नकली शराब से हुई बड़ी घटना का उल्लेख किया और कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विभाग को लगातार सतर्क रहना होगा।
