11,500 करोड़ रुपये की गांधीसागर परियोजना बनेगी ऊर्जा भंडारण का बड़ा केंद्र, दिसंबर 2026 से पहला टरबाइन शुरू करने का लक्ष्य

11,500 करोड़ रुपये की गांधीसागर परियोजना बनेगी ऊर्जा भंडारण का बड़ा केंद्र, दिसंबर 2026 से पहला टरबाइन शुरू करने का लक्ष्य

गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना से देश को मिलेगी 1920 मेगावाट स्वच्छ ऊर्जा, मीडिया प्रतिनिधियों ने किया निर्माण स्थल का भ्रमण

11,500 करोड़ रुपये की गांधीसागर परियोजना बनेगी ऊर्जा भंडारण का बड़ा केंद्र, दिसंबर 2026 से पहला टरबाइन शुरू करने का लक्ष्य

गांधीसागर में देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना आकार ले रही, 4 हजार लोगों को मिला रोजगार

रतलाम 13 नवंबर 2026/ नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक में विकसित की जा रही 1,920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना के निर्माण स्थल पर रतलाम जिले के प्रिंट मीडिया प्रतिनिधियों एवं इन्फ्लुएंसर्स का भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रीनको एमपी01 आईआरईपी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना की तकनीकी विशेषताओं, निर्माण कार्यों एवं भविष्य में ऊर्जा क्षेत्र में इसकी भूमिका का मीडिया प्रतिनिधियों ने प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कार्यक्रम जिला जनसंपर्क अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित किया गया।

प्रेजेंटेशन के माध्यम से समझाई परियोजना की तकनीकी कार्यप्रणाली

कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट श्री नवीन लक्ष्मण द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। परियोजना निदेशक श्री श्रीनिवास राव ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की परिकल्पना, निर्माण प्रगति, तकनीकी विशेषताओं एवं ऊर्जा भंडारण की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने परियोजना स्थल पर लागू सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया।

इसके बाद मीडिया प्रतिनिधियों ने लोअर रिजर्वायर, कॉफर डैम, भूमिगत पावर हाउस एवं अपर रिजर्वायर सहित विभिन्न निर्माणाधीन संरचनाओं का भ्रमण किया। कंपनी के अधिकारियों ने इन संरचनाओं की तकनीकी उपयोगिता तथा विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी दी।

11,500 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित हो रही 1,920 मेगावाट क्षमता की परियोजना

मीडिया प्रतिनिधियों को बताया गया कि लगभग 11,500 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित की जा रही यह भारत की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है। इसकी स्थापित क्षमता 1,920 मेगावाट है। परियोजना में अतिरिक्त सौर एवं पवन ऊर्जा का उपयोग कर पानी को ऊपरी जलाशय में संग्रहित किया जाएगा। आवश्यकता के समय इसी पानी से टरबाइन संचालित कर विद्युत उत्पादन किया जाएगा।

यह परियोजना अधिकतम 6 घंटे तक निरंतर विद्युत उपलब्ध कराने में सक्षम होगी। विशेष रूप से बिजली की सर्वाधिक मांग वाले समय में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सौर एवं पवन ऊर्जा की उपलब्धता में होने वाले उतार-चढ़ाव को संतुलित करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। परियोजना में गांधीसागर जलाशय के पानी का नॉन-कंजम्प्टिव आधार पर पुनः उपयोग किया जाएगा।

विद्युत ग्रिड को मिलेगी स्थिरता, नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को मिलेगा बढ़ावा

परियोजना के पूर्ण संचालन से मध्यप्रदेश सहित देश के विद्युत ग्रिड को स्थिरता मिलेगी। साथ ही सौर एवं पवन ऊर्जा जैसी नवीकरणीय ऊर्जा के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना के प्रथम टरबाइन सेट का संचालन दिसंबर 2026 से प्रारंभ करने तथा वर्ष 2027 में पूर्ण व्यावसायिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

निर्माण कार्यों में लगभग 4 हजार लोगों को मिले रोजगार के अवसर

परियोजना से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिल रही है। निर्माण कार्यों के दौरान अब तक लगभग 4 हजार लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। परियोजना पूर्ण होने पर क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, स्थानीय रोजगार एवं विकास की संभावनाओं का और विस्तार होगा।

इस अवसर पर कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट श्री नवीन लक्ष्मण ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों, अनुकूल नीतियों एवं निवेश को प्रोत्साहित करने वाली व्यवस्थाओं से प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को गति मिली है। जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गांधीसागर में इस परियोजना का निर्माण संभव हो पा रहा है। यह परियोजना मध्यप्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मीडिया भ्रमण का उद्देश्य परियोजना की वास्तविक प्रगति, तकनीकी विशेषताओं, पर्यावरणीय लाभ तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में इसकी भूमिका से आमजन को मीडिया के माध्यम से अवगत कराना था।

Share This Post

Nayan Vyas

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!