पूरे जिले में हर्षोल्लास से मनाई गई स्वतंत्रता की 79 वीं सालगिरह

पूरे जिले में हर्षोल्लास से मनाई गई स्वतंत्रता की 79 वीं सालगिरह

कलेक्टर एवं मुख्य अतिथि श्री कटेसरिया ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली

रतलाम 15 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता की 79 वीं वर्षगांठ जिलेभर में देशभक्ति, उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाई गई। जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान उपस्थिति लोगो को जिले की विकास गाथा पुस्तिका भी वितरित की गई।

समारोह में कलेक्टर श्री कटेसरिया ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। एसएएफ 24वीं वाहिनी ‘बी’ कंपनी रतलाम, जिला पुरुष पुलिस बल, जिला महिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर डिवीजन तथा विभिन्न विद्यालयों की टुकड़ियों ने अनुशासन एवं आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर हर्ष फायर किया गया तथा शांति, समृद्धि एवं राष्ट्रीय एकता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने देखा और सुना। इसके पश्चात कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने शासन का बधाई संदेश पढ़कर सुनाया तथा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि ने लोकतंत्र सेनानियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार से सम्मान किया। साथ ही उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में सभी प्लाटून ने आकर्षक प्रस्तुति दी। परेड प्रतियोगिता में एसएएफ 24वीं वाहिनी ‘बी’ कंपनी रतलाम ने प्रथम, जिला पुलिस बल रतलाम ने द्वितीय तथा मॉर्निंग स्टार हाई स्कूल रतलाम एनसीसी प्लाटून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय को प्रथम, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल को द्वितीय तथा मॉर्निंग स्टार हायर सेकेंडरी स्कूल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्री प्रहलाद पटेल, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय एवं श्री विप्लव जैन, पुलिस उप महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, लोकतंत्र सेनानी, बड़ी संख्या में नागरिक एवं स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर ने किया।

Share This Post

Nayan Vyas

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!