68 करोड़ से अधिक लागत के बिरमावल एवं रावटी सांदीपनि विद्यालयों का किया लोकार्पण

68 करोड़ से अधिक लागत के बिरमावल एवं रावटी सांदीपनि विद्यालयों का किया लोकार्पण

सांदीपनि विद्यालय किसी मंदिर से कम नहीं, यहां से भविष्य के निर्माता निकलेंगे : प्रभारी मंत्री डॉ. शाह

सांदीपनि विद्यालय भविष्य गढ़ने वाला अनूठा प्रकल्प है : मंत्री श्री काश्यप

 

रतलाम 25 जुलाई 2026/ जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने ग्राम बिरमावल में लगभग 68 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। इनमें ग्राम बिरमावल में 34 करोड़ 65 लाख रुपये तथा रावटी में 33 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय शामिल हैं।

लोकार्पण के बाद प्रभारी मंत्री डॉ. शाह एवं मंत्री श्री काश्यप ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की। इस अवसर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्कूटी एवं लैपटॉप भी प्रदान किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय किसी मंदिर से कम नहीं हैं, जहां से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नई जीवनधारा प्रारंभ होगी। उन्होंने कहा कि आज मां सरस्वती के मंदिर का लोकार्पण हुआ है और वर्तमान पीढ़ी के बच्चे सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालयों में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों को निःशुल्क गणवेश, साइकिल, पाठ्यपुस्तकें सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है तथा शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि “सोच बदलो, सितारे बदल जाएंगे।” प्रभारी मंत्री ने बिरमावल सांदीपनि विद्यालय तक पहुंचने वाले लगभग डेढ़ किलोमीटर मार्ग का डामरीकरण रोड बनाने की बात की।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय भविष्य गढ़ने वाला अनूठा प्रकल्प है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण कर ज्ञान और संस्कारों की मिसाल प्रस्तुत की थी। उसी भावना को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार ने आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और श्रेष्ठ शिक्षकों की व्यवस्था के साथ इन विद्यालयों का निर्माण किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

रतलाम ग्रामीण विधायक श्री मथुरालाल डामोर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन किए हैं। विद्यार्थियों को भोजन, गणवेश, साइकिल सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बिरमावल क्षेत्र में उच्च शिक्षा की आवश्यकता बताते हुए कॉलेज की स्थापना की मांग भी रखी।

जिला योजना समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि यह भव्य विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला साबित होगा तथा यहां से शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे।

कार्यक्रम में रतलाम ग्रामीण विधायक श्री मथुरालाल डामोर, जिला योजना समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई चंद्रवंशी, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, अन्य सभी जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अन्य जिला अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी, पत्रकार उपस्थित रहे।

Share This Post

Nayan Vyas

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!