सर्वाइकल कैंसर एवं टीकाकरण को लेकर महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं को किया जागरूक
लगभग 200 महिलाओं ने शिविर में सहभागिता कर विशेषज्ञ चिकित्सकों से प्राप्त की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
रतलाम | दिनांक 22 जुलाई 2026
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में रतलाम पुलिस स्टाफ एवं पुलिस परिवार के कल्याण तथा स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज दिनांक 22 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन रतलाम स्थित सामुदायिक भवन में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर, उसके बचाव एवं टीकाकरण के प्रति जागरूक करना तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सर्वाइकल कैंसर एवं टीकाकरण की जानकारी– शिविर में अतिथि चिकित्सकों डॉ. स्वर्णा सरस्वती एवं डॉ. सुनीता वाधवानी (प्रेसिडेंट, ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनिक सोसाइटी) द्वारा उपस्थित महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के कारणों, बचाव, प्रारंभिक जांच, उपचार एवं टीकाकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। चिकित्सकों द्वारा महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समय-समय पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच करवाने के महत्व के बारे में भी बताया गया। साथ ही सर्वाइकल कैंसर से बचाव में टीकाकरण की भूमिका के संबंध में भी जागरूक किया गया।
महिलाओं ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से पूछे स्वास्थ्य संबंधी सवाल– शिविर के दौरान उपस्थित महिलाओं ने सर्वाइकल कैंसर, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपनी शंकाएं एवं जिज्ञासाएं चिकित्सकों के समक्ष रखीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा महिलाओं के प्रश्नों का सरल एवं विस्तृत रूप से समाधान किया गया तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
पुलिस परिवार की महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति रतलाम पुलिस की निरंतर पहल– उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में वर्ष 2025 में भी पुलिस परिवार के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया था। उक्त शिविर में विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर एवं टीकाकरण के संबंध में जागरूकता प्रदान की गई थी। शिविर में जागरूकता के फलस्वरूप इस वर्ष पुलिस परिवार की 65 महिलाओं ने स्वेच्छा एवं सहमति से टीकाकरण करवाया था।
इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी अधिक से अधिक महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर एवं उसके बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 200 महिलाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में डीएसपी श्रीमती पार्वती गौड़, डीएसपी श्रीमती गायत्री सोनी, रक्षित निरीक्षक श्रीमती मोनिका चौहान, निरीक्षक श्रीमती रेखा चौधरी, निरीक्षक श्रीमती प्रेमलता खत्री, निरीक्षक श्रीमती पिंकी आकाश सहित लगभग 200 महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस परिवार की महिलाएं उपस्थित रहीं।
रतलाम पुलिस द्वारा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं कल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
रतलाम पुलिस की पहल — स्वस्थ पुलिस परिवार, सशक्त पुलिस बल।
