रतलामी सेव रतलाम की धरोहर, रतलामी सेव के रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क का दुरुपयोग करने वालों पर होगी कार्रवाई

रतलामी सेव रतलाम की धरोहर, रतलामी सेव के रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क का दुरुपयोग करने वालों पर होगी कार्रवाई

रतलामी सेव के रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क का दुरुपयोग करने वालों पर होगी कार्रवाई : कलेक्टर श्री कटेसरिया

रतलामी सेव रतलाम की धरोहर, औद्योगिक क्षेत्र में एसटीपी का शोधित पानी उपयोग कर सकेंगे उद्योग

रतलाम 4 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने निर्देश दिए कि रतलामी सेव के रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क एवं जीआई टैग का दुरुपयोग करने वाली कंपनियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई अन्य कंपनी रतलामी सेव के नाम से उत्पाद बेचती है, तो उसे नोटिस जारी कर हर्जाने के लिए प्रकरण भी तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रतलामी सेव रतलाम की पहचान और धरोहर है। इसके नाम एवं पहचान का उपयोग निर्धारित पंजीकृत उत्पादकों द्वारा ही किया जाना चाहिए।

कलेक्टर ने उक्त निर्देश लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड एवं निर्यात संवर्धन की बैठक में दिए। बैठक में जिला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल एवं औद्योगिक संगठनों के सदस्यों ने भी इस संबंध में सहमति व्यक्त की। इस पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि रतलामी सेव को रतलाम रेलवे स्टेशन पर भी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए रेलवे के डीआरएम से चर्चा की जाएगी तथा रतलामी सेव को रेलवे के मेनू में शामिल कराने के संबंध में उद्योग विभाग को आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।

औद्योगिक क्षेत्र में एसटीपी का शोधित पानी उपयोग कर सकेंगे उद्योग

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में पानी की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा की गई। बताया गया कि नगर निगम के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से शोधित पानी औद्योगिक क्षेत्र में उपयोग किया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि उद्योगपति आवश्यकता के अनुसार इस पानी का उपयोग कर सकते हैं। पानी की गुणवत्ता को लेकर परीक्षण भी कराया जा सकता है।

बैठक में उद्योग संघ के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र के संचालन एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के संबंध में भी चर्चा की गई।

आईटीआई में एआई, रोबोटिक्स एवं ड्रोन तकनीक के नए ट्रेड शुरू करने पर जोर

कलेक्टर ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में रोजगार की नई संभावनाओं को देखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स एवं ड्रोन तकनीक जैसे नए ट्रेड शुरू करने के निर्देश दिए। इस संबंध में आगामी सप्ताह में बैठक आयोजित करने के लिए कहा गया, ताकि आवश्यक प्रशिक्षण एवं पाठ्यक्रमों पर चर्चा कर आगे की कार्यवाही की जा सके।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जिला विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, महाप्रबंधक उद्योग श्री अतुल बाजपेई सहित औद्योगिक संगठनों के सदस्य उपस्थित थे।

Share This Post

Nayan Vyas

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!