कलेक्टर पुस्तकालय पहुंचे, बच्चों के बीच बैठकर पूछा- पुस्तकालय में कोई दिक्कत तो नहीं

कलेक्टर पुस्तकालय पहुंचे, बच्चों के बीच बैठकर पूछा- पुस्तकालय में कोई दिक्कत तो नहीं

पुराने साहित्यिक संस्करणों के स्थान पर नए संस्करण लाएं : कलेक्टर श्री कटेसरिया

पुस्तकालय के नीचे रखा कचरा सात दिवस में हटाकर विनष्टीकरण की कार्रवाई करें

रतलाम 22 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने पुराने कलेक्टर कार्यालय परिसर में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि जिन पुरानी साहित्यिक पुस्तकों के संस्करण अब पढ़ने योग्य नहीं हैं, उनके स्थान पर नए संस्करण उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि साहित्य से जुड़ी पुस्तकों को अच्छी स्थिति में रखा जाए, ताकि पाठकों की रुचि बनी रहे। जिन पुस्तकों के कवर खराब हो गए हैं, उन पर तत्काल नए कवर लगाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने ग्रंथपाल को निर्देशित किया कि ऐसी पुस्तकें जो लंबे समय से पुस्तकालय में रखी हैं, लेकिन उपयोग में नहीं आ रही हैं तथा जिनका वर्षों से इश्यू भी नहीं हुआ है, उनकी समीक्षा की जाए। ऐसी पुस्तकों के स्थान पर रुचिकर साहित्यिक, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विद्यार्थियों के उपयोग की पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं।

बच्चों के बीच बैठकर कलेक्टर ने जाना पढ़ाई का अनुभव

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया पुस्तकालय में पढ़ रहे बच्चों के बीच बैठे और उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे कौन-सी पुस्तक पढ़ रहे हैं तथा पुस्तकालय में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई एवं उनके करियर के संबंध में भी जानकारी ली।

गीता भवन में आधुनिक पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी की सुविधा

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना ने बताया कि कॉमर्स कॉलेज के पास ऑडिटोरियम परिसर में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। गीता भवन में वृद्धजनों के लिए पुस्तकें, सामान्य पुस्तकालय एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही ई-लाइब्रेरी एवं कैफेटेरिया की सुविधा भी प्रस्तावित है।

पुस्तकालय परिसर से कचरा सात दिवस में हटाने के निर्देश

कलेक्टर ने पुस्तकालय के नीचे रखे पुराने कचरे एवं अनुपयोगी सामग्री का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वहां रखे अनुपयोगी कचरे एवं खराब हो चुकी सामग्री को सात दिवस के भीतर हटाकर नियमानुसार विनष्टीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने पुस्तकालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।

Share This Post

Nayan Vyas

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!