बिलपांक (चिकलिया) टोल पर 9 के स्थान पर होंगे 12 गेट, तीन दिवस में सीमांकन के निर्देश

बिलपांक (चिकलिया) टोल पर 9 के स्थान पर होंगे 12 गेट, तीन दिवस में सीमांकन के निर्देश

सुप्रीम कोर्ट एवं इंडियन रोड कांग्रेस के निर्धारित मानकों के अनुसार ही बनाए जाएं स्पीड ब्रेकर : कलेक्टर श्री कटेसरिया

बिलपांक (चिकलिया) टोल पर 9 के स्थान पर होंगे 12 गेट, तीन दिवस में सीमांकन के निर्देश

ग्रुप स्पीड ब्रेकर के बीच एक मीटर की दूरी का पालन करें, लेबर-जावरा मार्ग की 12 पुलियाओं के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजें

रतलाम 19 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सड़क निर्माण एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में स्पीड ब्रेकर निर्माण, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्पीड ब्रेकर का निर्माण सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों, इंडियन रोड कांग्रेस (आईआरसी) के निर्धारित मानकों एवं सड़क सुरक्षा नियमों के अनुसार ही किया जाए। स्पीड ब्रेकर स्थानीय मांग अथवा दबाव के आधार पर नहीं, बल्कि निर्धारित तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाए जाएं।

कलेक्टर ने अधिकारियों से पूछा कि स्पीड ब्रेकर निर्धारित नियमों के अनुसार क्यों नहीं बनाए गए। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में सड़क दुर्घटनाओं तथा स्थानीय स्तर पर प्राप्त मांगों के आधार पर अधिक संख्या में स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। इस पर कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नाम पर अनावश्यक ब्रेकर बनाना उचित नहीं है। जिस मार्ग पर एक घंटे में 1000 वाहन गुजरते हैं, वहां अधिक संख्या में ब्रेकर बना दिए गए हैं, जबकि कम यातायात जहां 20 वाहन गुजरने वाले साइड रोड पर आवश्यकतानुसार ब्रेकर नहीं बनाए गए। मुख्य मार्गों पर अनावश्यक ब्रेकर नहीं हों तथा साइड रोड पर आवश्यकता के अनुसार ब्रेकर बनाए जाएं।

ग्रुप स्पीड ब्रेकर के बीच एक मीटर की दूरी अनिवार्य रूप से रखें

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रुप स्पीड ब्रेकर निर्माण में निर्धारित एक मीटर की दूरी के मानक का पालन किया जाए। ब्रेकरों के बीच एक मीटर का अंतर रखा जाए। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय के बाहर बने ग्रुप स्पीड ब्रेकरों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधारने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि अनावश्यक एवं अधिक संख्या में बने स्पीड ब्रेकर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। तेज गति से आ रहा वाहन जब अचानक ब्रेकर के कारण अपनी गति कम करता है, तो पीछे से आने वाले वाहन के टकराने की आशंका बढ़ जाती है। जिले में इस तरह की दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि स्पीड ब्रेकर की संख्या बढ़ने के बावजूद दुर्घटनाओं एवं मृत्यु की घटनाओं में अपेक्षित कमी नहीं आई है, बल्कि दुर्घटनाओं के स्वरूप में बदलाव आया है। पहले सामने से टक्कर की घटनाएं अधिक होती थीं, जबकि अब पीछे से वाहनों के टकराने की घटनाएं बढ़ रही हैं।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्पीड ब्रेकर निर्माण एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में थर्ड पार्टी ऑडिट भी कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल अनावश्यक ब्रेकर हटाना ही नहीं, बल्कि साइड रोड पर आवश्यकतानुसार निर्धारित मानकों के अनुसार ब्रेकर बनवाना भी है।

बिलपांक (चिकलिया) टोल पर 9 के स्थान पर होंगे 12 गेट

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने एमपीआरडीसी के एजीएम श्री मानवेंद्र सिंह कनेश को निर्देश दिए कि बिलपांक (चिकलिया) टोल पर वर्तमान में संचालित 9 गेट की संख्या बढ़ाकर 12 की जाए। उन्होंने कहा कि टोल पर वाहनों की लंबी कतारों के कारण आम नागरिकों को परेशानी होती है। गेट की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या में कमी आएगी तथा आवागमन सुगम होगा।

कलेक्टर ने तहसीलदार श्री मनीष जैन को निर्देश दिए कि टोल क्षेत्र में एमपीआरडीसी की उपलब्ध शेष अधिकृत भूमि का तीन दिवस में सीमांकन कराकर एमपीआरडीसी को उपलब्ध कराएं, ताकि गेट की संख्या 9 से बढ़ाकर 12 करने की आगामी कार्रवाई तत्काल प्रारंभ की जा सके।

लेबर-जावरा मार्ग की 12 पुलियाओं का होगा चौड़ीकरण

कलेक्टर ने एमपीआरडीसी अधिकारियों को लेबर-जावरा मार्ग की 12 सक्रिय पुलियाओं के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर तत्काल भोपाल भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन पुलियाओं के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इनके चौड़ीकरण से सड़क सुरक्षा बेहतर होगी तथा वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

बैठक में सड़क निर्माण एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Post

Nayan Vyas

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!